पलवल -विशेष अनुसंधान टीम (SIT) ने चालान शाखा के रुपयों का गबन मामले में गिरफ्तार आरोपी पुलिसकर्मी से ₹61 लाख किए बरामद
विशेष अनुसंधान टीम (SIT) ने चालान शाखा के रुपयों का गबन मामले में गिरफ्तार आरोपी पुलिसकर्मी से ₹61 लाख किए बरामद
गबन किए गए बकाया रुपयों की बरामदगी एवं गहन पूछताछ हेतु आरोपी को पुनः लिया गया 4 दिन के पुलिस रिमांड पर
पलवल:3-जुलाई।
कमल कांत शर्मा (एच एन न्यूज़)
मामले के विषय में जानकारी देते हुए मामले में एसआईटी प्रभारी डीएसपी शहर पलवल ने बताया कि पुलिस कप्तान
लोकेंद्र सिंह के संज्ञान में आया था कि ई चालान में तैनात पुलिसकर्मी पिछले कई वर्षों से सरकारी पैसे को सरकारी बैंक खाते में जमा न करके निजी खर्च में ले रहें हैं। जिसकी जांच डीएसपी ट्रैफिक संदीप मोर ने की। जांच के दौरान उन्होंने पाया कि चालान विंडो पर तैनात पुलिसकर्मियों द्वारा ई चालानी राशि की कुल रकम 3 करोड़ 22 लाख 97 हजार 150 रुपये का बैंक की फर्जी स्टेटमेंट एवं मोहर का उपयोग कर गबन किया गया । इसके अलावा जून माह 2020 में विभिन्न चौकी थानों में ई चालानी मशीन द्वारा काटे गए चालानों की कुल राशि 138500 रुपये एवं अक्टूबर माह में 139000 रुपये किसी भी खाते में जमा नहीं कराये गए। इस दौरान प्रधान सिपाही जनक की तैनाती ब्रांच में थी। इसके उपरांत उक्त शाखा में ईएचसी ओमबीर की तैनाती के दौरान एक अगस्त 2021 से 31 अगस्त 2021 तक चालानों के माध्यम से विभाग को 14 लाख 76 हजार 200 रुपये प्राप्त हुई जिसमें से 14500 रूपये कम जमा कराये गये । इसी तरह एक अक्टूबर से 29 अक्टूबर तक चलन शाखा में 1418900 रुपये प्राप्त हुए जिसमें बैंक को 1800 रुपये (1420700) ज्यादा जमा कराने पाए गए। उन्होंने बताया की जांच के दौरान प्रधान सिपाही जनक की तैनाती के दौरान कुल 3 करोड़ 22 लाख 97 हजार 150 रुपये सरकारी खाते में जमा नहीं कराये गए जबकि ईएचसी ओमबीर की तैनाती के दौरान 12700 रुपये सरकारी खाते में जमा नहीं कराये गए। मामले में दोनों पुलिसकर्मियों ने नियमों की जानकारी होने के बावजूद अपने पद का दुरूपयोग कर सरकारी पैसा ( कुल ₹32309850) को सरकारी खाते में जमा न करवाकर अपने निजी काम में प्रयोग कर सरकार को आर्थिक नुकसान पहुँचाया है जिसके चलते दोनों पुलिसकर्मी आरोपियों जनक व ओमबीर के खिलाफ आईपीसी एवं भ्रष्टाचार अधिनियम की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया था।
डीएसपी शहर पलवल ने बताया कि मामले में दिनांक 28 जून 2023 को मुख्य आरोपी हेड कांस्टेबल जनक को गिरफ्तार कर 5 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। रिमांड के दौरान आरोपी से वारदात में प्रयुक्त मोबाइल एवं गबन की गई राशि मे से 61 लाख रुपए बरामद किए जा चुके हैं। बकाया रूपों की बरामदगी हेतु आरोपी पुलिसकर्मी को पुनः 4 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है । मामले में दूसरे आरोपित पुलिसकर्मी ओमबीर के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी है।
वार्तालाप में शामिल हों