Type Here to Get Search Results !

हरियाणा

हल्दी रस्म के दौरान दीवार गिरी, 7 की मौत: मऊ में शादी समारोह में महिलाएं नाचते-गाते जा रही थीं, तभी 10 फीट की दीवार ढही


मऊ में हल्दी रस्म के दौरान दीवार गिरने का वीडियो सामने आया है। शुक्रवार 8 दिसंबर को हुए इस हादसे में 5 महिलाओं, 2 बच्चों समेत 7 की मौत हो गई। वहीं, 19 लोग घायल हैं। हादसा दोपहर 3.30 बजे उस वक्त हुआ, जब शादी में हल्दी रस्म के लिए महिलाएं निकली थीं।

महिलाएं गाना गाते हुए गली से गुजर रहीं थीं, तभी अचानक निर्माणाधीन दीवार ढह गई। कुछ सेकंड के लिए समझ ही नहीं आया कि क्या हुआ। चारों तरफ धूल छा गई। भगदड़ जैसे हालत हो गए। घटना घोसी कोतवाली क्षेत्र के बस अड्डे के नजदीक की है।

जो लाइव वीडियो सामने आए हैं, उसमें दिख रहा है कि 5 सेकेंड में भी कम वक्त में शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। दीवार गिरने के बाद धूल का गुबार कम हुआ तो आसपास के लोग भागकर मौके पर पहुंचे। महिलाए-बच्चे मलबे में दबे थे। उन्होंने निकालने की कोशिश की। मलबा ज्यादा होने के चलते पुलिस और प्रशासन को सूचना दी गई।

प्रशासन ने बुल्डोजर बुलाकर मलबे को हटाया। करीब एक घंटे से ज्यादा वक्त तक रेस्क्यू चला। सभी 26 घायलों को अस्पताल ले जाया गया। वहां 7 की मौत हो गई। बाकी घायलों को जिला अस्पताल और PGI आजमगढ़ में भर्ती कराया गया है।

बिना सपोर्ट की दीवार पर प्रेशर पड़ते ही गिरी मदापुर समसपुर स्थित असकरी मेमोरियल स्कूल के पास एक निर्माणाधीन मकान की दीवार बिना सपोर्ट के खड़ी की गई थी। दीवार करीब 10 फीट ऊंची, 15 फीट लंबी थी। नजदीक में ही राधेश्याम बृजेश कुमार गुप्ता परिवार के साथ रहते हैं। उनके बेटे बालेंदु गुप्ता की शनिवार 9 दिसंबर को बारात बलिया जानी थी। हालांकि, हादसे के बाद शादी टाल दी गई है।

शुक्रवार को घर पर दूल्हे को हल्दी लगाने की रस्म हुई। इस दौरान मांगलिक कार्यक्रम में शामिल महिलाएं गीत-गाते हुए लावा लेने की रस्म करने जा रही थी, तभी गली से गुजरते समय यह हादसा हुआ। वीडियो में दिख रहा है कि सकरी गली में खड़ी दीवार के पीछे बालू का बड़ा सा ढेर लगा है।

इसी ढेर पर खड़ी होकर 15-20 महिलाएं मेहंदी रस्म

के कार्यक्रम को देख रहीं थी। इन्हीं महिलाओं के प्रेशर और वजन से दीवार ढह गई। घटना के बाद से पूरे इलाके में मातम है। जिन महिलाओं की मौत हुईं, ज्यादातर महिलाएं आसपास की रहने वाली थीं।

पुलिस के मुताबिक, हादसे में चंदा देवी (35), पूनम शर्मा (42), पूजा (35), मीरा (40) और सुशीला देवी (57) की मौत हो गई। वहीं, माधव (4), अन्वी (3) की भी जान चली गई। मौके पर DM अरुण कुमार, IG अखिलेश कुमार और SP अविनाश पांडेय मौके पर पहुंचे। सीएम योगी ने भी हादसे पर शोक जताया है।

एसपी अविनाश पांडे ने कहा कि हादसा कैसे हुआ, इसका जिम्मेदार कौन था, इस पर जांच-पड़ताल की जा रही है। रिपोर्ट में भी जो भी जिम्मेदार होगा उस पर एक्शन लिया जाएगा।

मृतकों के परिजन को 2-2 लाख की मदद सीएम योगी आदित्यनाथ ने सभी मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख की मदद देने का निर्देश दिया है। वहीं, गंभीर घायलों को 50 हजार दिए जाएंगे। सभी घायलों का इलाज निशुल्क किया जाए।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Bottom Post Ad

Hollywood Movies