तुलाराम कॉलोनी के सामने वाटर सप्लाई विभाग का खुला गड्ढा बना हादसों का कारण, स्थानीय नागरिकों में रोष
तुलाराम कॉलोनी के सामने वाटर सप्लाई विभाग का खुला गड्ढा बना हादसों का कारण, स्थानीय लोगों में रोष
होडल न्यूज | होडल
होडल शहर की तुलाराम कॉलोनी के सामने स्थित वाटर सप्लाई विभाग का एक खुला गड्ढा स्थानीय नागरिकों के लिए गंभीर समस्या और हादसों का कारण बनता जा रहा है। लंबे समय से खुले पड़े इस गड्ढे में कूड़ा-कचरा जमा हो गया है, जिससे आसपास गंदगी का माहौल बना हुआ है और लोगों को प्रतिदिन भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यह गड्ढा मुख्य मार्ग के किनारे स्थित है, जहां से रोजाना बड़ी संख्या में लोग, बच्चे और वाहन चालक गुजरते हैं। सुरक्षा व्यवस्था के अभाव में कई बार लोग इसमें गिर चुके हैं और चोटिल भी हुए हैं। इसके बावजूद संबंधित विभाग द्वारा अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
स्थानीय निवासी आलोक गर्ग ने बताया कि, "यह गड्ढा काफी समय से खुला पड़ा हुआ है। यहां से गुजरने वाले लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। रोज कोई न कोई व्यक्ति इसमें गिर जाता है। कई बार विभाग को इसकी जानकारी दी गई, लेकिन आज तक समस्या का समाधान नहीं हुआ।"
क्षेत्र के अन्य नागरिक कैलाश मंगला, नितिन कंसल, सुनील तवर, चिंटू अग्रवाल, मनीष गोयल, तरुण मंगला, दीपक गोयल और बंटी बग्गा सहित अनेक लोगों ने प्रशासन और जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग से मांग की है कि इस खुले गड्ढे को जल्द से जल्द बंद कराया जाए तथा उचित सुरक्षा व्यवस्था की जाए ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी।
अब देखना यह होगा कि प्रशासन और संबंधित विभाग स्थानीय नागरिकों की इस गंभीर समस्या पर कब तक संज्ञान लेते हैं और कब राहत प्रदान करते हैं।
— होडल न्यूज
वार्तालाप में शामिल हों