Hodal News | Latest Local News, Breaking News & Updates
लाइव समय:
ताज़ा खबरें लोड हो रही हैं...

भक्ति के साथ सेवा भाव भी जरूरी,श्री सुधांशु जी महाराज



गरीब बच्चों की शिक्षा से लेकर वृद्धों के कल्याण तक चला रहे अनेक सेवा प्रकल्प:महाराज

फरीदाबाद में प्रेस वार्ता के दौरान बोले सुधांशु जी महाराज, सत्संग, साधना और सेवा को बनाया जीवन का उद्देश्य
फरीदाबाद,15 नवंबर।

फरीदाबाद सेक्टर-11 स्थित कर्मवीर गार्डन में आयोजित प्रेस वार्ता में विश्व जागृति मिशन के पूजनीय श्री सुधांशु जी महाराज ने कहा कि भक्ति और सत्संग का वास्तविक उद्देश्य केवल स्वयं का आध्यात्मिक विकास करना नहीं, बल्कि समाज के जरूरतमंद और वंचित लोगों की सेवा करना भी है। जिस व्यक्ति के जीवन में भक्ति आती है, उसके भीतर दया का भाव भी जागृत होता है और दया का भाव ही उसे सेवा के कार्यों से जोड़ता है।
श्री सुधांशु जी महाराज ने कहा कि मिशन द्वारा गरीब एवं जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि लगभग 1100 बच्चों को शिक्षा और बेहतर जीवन देने का प्रयास किया जा रहा है। इनमें से करीब 800 बच्चों को उन्होंने स्वयं एक दिन पहले देखा। इन बच्चों को पढ़ाने और उनका भविष्य संवारने का कार्य बिना किसी दिखावे और विज्ञापन के सेवा भावना से किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जब उन्होंने वहां के कार्यकर्ताओं से इस सेवा कार्य के संचालन के बारे में पूछा तो उन्होंने बताया कि अस्पताल से होने वाली बचत के माध्यम से गरीब बच्चों की पढ़ाई का खर्च उठाया जाता है।
उन्होंने कहा कि आज के समय में समाज के सामने सेवा कार्यों को पहुंचाना भी जरूरी हो गया है, क्योंकि बिना प्रचार-प्रसार के कई बार अच्छे कार्यों के लिए सहयोग और संसाधन जुटाना मुश्किल हो जाता है। उन्होंने चमत्कारों के नाम पर लोगों को भ्रमित करने की प्रवृत्ति पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि मिशन का विश्वास दिखावे में नहीं, बल्कि वास्तविक सेवा और आध्यात्मिक साधना में है।
महाराज ने बताया कि विश्व जागृति मिशन के माध्यम से अब तक लगभग 8000 प्रवचन रिकॉर्ड किए जा चुके हैं। इनमें वेद, उपनिषद, श्रीमद्भगवद्गीता, रामायण, दर्शन शास्त्र, नीति ग्रंथ और संतों की वाणी सहित भारतीय आध्यात्मिक साहित्य के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है। उन्होंने बताया कि सत्संग की इस यात्रा को शुरू हुए 50 वर्ष पूरे हो चुके हैं और पिछले वर्ष मिशन ने स्वर्ण जयंती समारोह भी आयोजित किया था।
उन्होंने बताया कि मिशन के देशभर में 24 मंदिर, 88 शाखाएं और विभिन्न स्थानों पर आश्रम संचालित हैं। इसके अलावा 11 देशों में भी मिशन की शाखाएं कार्य कर रही हैं। सत्संग और साधना के साथ-साथ मिशन शिक्षा, स्वास्थ्य, गौसेवा और सामाजिक कल्याण के क्षेत्र में भी निरंतर कार्य कर रहा है। फरीदाबाद में भी मिशन का एक छोटा अस्पताल संचालित है, जबकि दिल्ली में बड़ा अस्पताल है। देशभर में 10 गौशालाएं, वृद्धाश्रम और गुजरात के सूरत में अनाथालय चलाया जा रहा है।

आदिवासी क्षेत्रों में शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने बताया कि बिहार में ऐसे बच्चों के लिए तीन स्कूल संचालित किए जा रहे हैं, जिनके माता-पिता नक्सली हिंसा में मारे गए। इसके अतिरिक्त मिशन द्वारा चार गुरुकुल भी चलाए जा रहे हैं, जहां बच्चों को आधुनिक शिक्षा के साथ भारतीय आध्यात्मिक ज्ञान और संस्कार देने का प्रयास किया जा रहा है। मुरादाबाद में गुरुकुल शुरू किया गया है, जबकि दिल्ली, कानपुर और नागपुर में भी गुरुकुल संचालित हैं। बंगाल में गुरुकुल स्थापित करने की तैयारी है तथा भविष्य में अन्य स्थानों पर भी ऐसे संस्थान खोलने की योजना है।
वृद्धजनों की समस्याओं पर चिंता व्यक्त करते हुए श्री सुधांशु जी महाराज ने कहा कि समाज में दो तरह के बुजुर्ग उपेक्षा का सामना कर रहे हैं। एक वे हैं जो आर्थिक रूप से कमजोर हैं और दूसरे वे हैं जो संपन्न होने के बावजूद अपने बच्चों से दूर रहने के कारण अकेलेपन का जीवन जी रहे हैं। मिशन दोनों वर्गों के बुजुर्गों के लिए सेवा और सहयोग के कार्य कर रहा है।
उन्होंने बताया कि मिशन द्वारा हिमाचल प्रदेश में कुल्लू-मनाली के बीच व्यास नदी के तट पर साधना केंद्र संचालित किया जा रहा है, जहां लोगों को ध्यान और तपस्या के लिए आमंत्रित किया जाता है। इसके अलावा पिथौरागढ़ में आदि कैलाश के निकट एक अन्य साधना केंद्र स्थापित करने की योजना है। मिशन तीर्थ यात्राओं के माध्यम से भी लोगों को तीर्थों की महिमा, ध्यान, यज्ञ और आध्यात्मिक साधना से जोड़ने का प्रयास कर रहा है।

श्री सुधांशु जी महाराज ने बताया कि समाज में अच्छे कार्य करने वाले लोगों का सम्मान करने के लिए मिशन ने 'श्रद्धा पर्व' की शुरुआत की है। उन्होंने यह भी कहा कि रैगिंग के खिलाफ कानूनी पहल में मिशन की महत्वपूर्ण भूमिका रही और इस संबंध में सुप्रीम कोर्ट में रिट याचिका दायर की गई थी, जिसके बाद इस दिशा में सकारात्मक परिणाम सामने आए।
अंत में उन्होंने कहा कि धार्मिक होने का अर्थ केवल पूजा-पाठ और सत्संग तक सीमित रहना नहीं है, बल्कि समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के जीवन में खुशियां लाने का प्रयास करना भी है। मिशन ने लंबे समय तक बिना किसी प्रचार के अनेक सेवा कार्य किए हैं, लेकिन अब इन कार्यों को लोगों के सामने लाना जरूरी है, ताकि अधिक से अधिक लोग प्रेरित होकर सेवा के इस अभियान से जुड़ सकें। उन्होंने कहा कि भक्ति, साधना और सेवा एक-दूसरे के पूरक हैं और इन्हीं के माध्यम से एक बेहतर समाज का निर्माण किया जा सकता है।
इस संबंध में प्रेस सचिव डॉक्टर आर बी बारी एवं सह सचिव एस पी सिंह ने जानकारी दी।